युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,मचा कोहराम:पत्नी से चल रहा था विवाद

पारिवारिक विवाद के चलते दोनों एक वर्ष से रह रहे थे अलगसिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव नगला आल में बीती देर रात एक 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के अंदर गाटर से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया।


बताया जाता है कि गांव नगला आल निवासी 28 वर्षीय पुष्पेंद्र का शव शनिवार की देर रात्रि को घर के अंदर गाटर से लटका मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। मृतक पुष्पेंद्र के बड़े भाई रवि कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी दो वर्ष की बेटी है। पत्नी से पारिवारिक विवाद के चलते दोनों करीब एक वर्ष से अलग रह रहे थे। पत्नी फिरोजबाद स्थित मायके में रह रही थी। मृतक पुष्पेंद्र हरियाणा के बल्लभगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह छह माह पूर्व नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment