जनगणना-2027 की स्वगणना में सभी विभाग अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी

विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के परिवारों, औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों, पेंशनर्स, दिव्यांगजनों, होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वगणना से जोड़ने के दिए निर्देश।

हाथरस। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित होने वाली स्वगणना तथा 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली जनगणना की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार से जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में स्वगणना अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। सभी विभाग अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों तथा विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों की भी स्वगणना कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे, जिससे आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित होगी तथा घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा की जाने वाली जनगणना के दौरान त्रुटियों की संभावना कम होगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों एवं उनके परिवारों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। इसी प्रकार औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों, कारखानों, प्रतिष्ठानों, कोल्ड स्टोर, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, मेडिकल स्टोर सहित अन्य पंजीकृत संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों की स्वगणना कराई जाए। इसके अतिरिक्त पेंशनर्स, दिव्यांगजनों, होमगार्ड, पीआरडी जवानों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना सुनिश्चित कराने के साथ ही विभागों में पंजीकृत लाभार्थियों एवं अधिष्ठानों तक स्वगणना की जानकारी पहुंचाएं। निर्धारित दिवसों के अनुसार स्वगणना का कार्य पूर्ण कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वगणना के दौरान मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वगणना फॉर्म भरवाते समय यह भी जानकारी प्राप्त की जाए कि संबंधित व्यक्ति एवं उसके परिवार के ऐसे सदस्य, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार कर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जा सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय डेटाबेस में लाभार्थियों एवं संबंधित व्यक्तियों के ईपीआईसी नंबर अपडेट कराने की कार्यवाही तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए, जिससे मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने कार्यालयों के पत्राचार में उपयोग के लिए एक विशेष स्टाम्प तैयार कराने के निर्देश भी दिए, जिस पर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना एवं प्रगणकों द्वारा की जाने वाली जनगणना का उल्लेख हो। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने सभी आधिकारिक पत्राचार में इस स्टाम्प का अनिवार्य रूप से प्रयोग करे, जिससे जनगणना के प्रति व्यापक जागरूकता का प्रसार हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वगणना एवं प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली जनगणना की प्रक्रिया के साथ-साथ विभिन्न विभागों के दायित्वों, विभागों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पंजीकृत लाभार्थियों की संख्या आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।जिलाधिकारी ने समस्त नामित नोडल अधिकारियों को निर्धारित दिवसों में अपने-अपने विभागों में स्वगणना अभियान संचालित कराते हुए निर्धारित प्रारूप में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 16 से 30 नवंबर तक संचालित होने वाले स्वगणना अभियान में प्रत्येक परिवार स्वयं आगे आकर अपना विवरण अवश्य दर्ज कराए। स्वगणना में सक्रिय भागीदारी से जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी तथा प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली गणना का कार्य भी अधिक सुगमता एवं सटीकता के साथ संपन्न हो सकेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला सूचना अधिकारी सहित समस्त संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment