सिकंदराराऊ । हरियाणा पुलिस ने रेवाड़ी बैंक चोरी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे कोतवाली क्षेत्र के गांव नावली लालपुर निवासी एक आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से गांव में पहुंचकर दो प्रिंटर बरामद किए। माल बरामद करने के बाद पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व रेवाड़ी में एक बैंक को काटकर चोरी की गई थी। चोर बैंक से कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी ले गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिसमें कोतवाली क्षेत्र के गांव नावली लालपुर निवासी ऊधो फरार चल रहा था । हरियाणा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। हरियाणा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नोएडा में है। पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद बुधवार शाम करीब 7 बजे करीब पुलिस उसे लेकर गांव नावली लालपुर पहुंची। जहां उसकी निशानदेही पर चोरी के दो प्रिंटर मिले। इनमें से एक सिकंदराराऊ और दूसरा गांव नावली से मिला। पुलिस दोनों प्रिंटर एवं आरोपी को अपने साथ ले गई। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाले में जुट गई है ।












