15 अगस्त को भी हुआ था विवाद :पीड़ित ने दो महिलाओं समेत पांच के खिलाफ कराई थी रिपोर्ट दर्ज : विवाद ने रविवार को लिया खूनी संघर्ष का रूप

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया इकबालपुर में रविवार को हुए खूनी संघर्ष में गोली लगने से घायल हुए युवक के बहनोई ने कोतवाली में नौ नामजद एवं 5-6 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गांव गढ़िया इकबालपुर निवासी रामजीलाल पुत्र श्यामबाबू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 16 अगस्त की दोपहर 3:30 बजे करीब उनका साला प्रमोद पुत्र भजनलाल सिंह निवासी नगवई थाना मलावन जिला एटा उसके भतीजे चरन सिंह का स्वास्थ्य देखने को लेकर परिवारजनों से मिलने गाँव गढ़िया इकबालपुर में आया था । जैसे ही उनका साला प्रमोद गाँव के राधेश्याम पुत्र सोनीराम के घर के सामने से निकलकर आ रहा था। तभी कमलेश देवी पत्नी राधेश्याम और चंद्रवती पत्नी रामदयाल ने उसे पकड़ लिया और अपने पुत्रों सत्यप्रकाश पुत्र छोटेलाल, सुनील व कन्हैया पुत्रगण राधेश्याम, रुपेश, शुभम, अंशुल पुत्रगण रामदयाल, रेशमपाल पुत्र सूरतराम एवं 5-6 अज्ञात लोगों ने मिलकर उसके साले को दबोच लिया और मारपीट करते हुए आरोपियों ने एकराय होकर उनके साले को जान से मारने की नीयत से सत्यप्रकाश पुत्र छोटेलाल ने अवैध असलाह से उसके सीने में गोली मार दी । जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया । गोली की आवाज सुनकर उसका भतीजा हरकेश व अलकेश पुत्रगण हजारी लाल एवं आकाश पुत्र रामजीत सिंह उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने एकराय होकर उसके भतीजे से मारपीट शुरु कर दी । आरोपियों ने उसके भतीजे हरकेश के सिर में लोहे का फरसा मार दिया । आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। उसके साले और भतीजे की हालत नाजुक बनी हुई है । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बतादें कि 15 अगस्त को भी विवाद हुआ था । उक्त मामले में रामजीलाल पुत्र श्याम बाबू ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी । रिपोर्ट दर्ज होने के बाद रविवार को विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया था।









