मृतक अपनी बहन के घर गोपी गया था ,जहां से वह लौट रहा था ।अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार पर हुआ हादसा

सिकंदराराऊ। एन एच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार के निकट बीती रात्रि को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 36 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी निवासी 36 वर्षीय तहसीलदार उर्फ छोटे लाल पुत्र हर प्रसाद सोमवार को जनपद अलीगढ़ के गांव गोपी में अपनी बहन के घर गया था। देर रात्रि जब वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव बिलार के समीप पहुंचा । तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। हादसे की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजनों में हाहाकर मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए । परिवार के सदस्यों ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार को पकड़ लिया गया है। मृतक तहसीलदार उर्फ छोटे लाल पेशे से राजमिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक अपने पीछे चार बच्चों एवं पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









