आक्रोशित लोगों ने ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर किया विरोध प्रदर्शन
हाथरस। शहर के तालाब ओवरब्रिज पर कोतवाली के पास कल देर शाम एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही छात्र की दर्दनाक मौत हो जाने से जहां परिवार में भारी कोहराम मच गया है। वहीं उक्त घटना से शहर के व्यापारी वर्ग सहित सभी वर्गों में भारी आक्रोश व्याप्त है और आज आक्रोशित लोगों द्वारा तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रंखला बनाकर कड़ा विरोध जताया गया और कोतवाली पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।

जानकारी के मुताबिक शहर के आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड निवासी एवं प्रमुख वैटेनरी चिकित्सक डॉ. संजीव अग्रवाल की 18 वर्षीय पुत्री खुशी अग्रवाल बहुत ही होनहार छात्रा थी और वह अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। छात्रा खुशी अग्रवाल सोमवार देर शाम कोचिंग खत्म होने के बाद वह अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी।
बताया जाता है छात्रा खुशी अग्रवाल जब कोचिंग सेंटर से कल देर शाम करीब 7.30 बजे अपनी स्कूटी पर सवार होकर लौट रही थी, तभी इसी दौरान तालाब ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर ने लापरवाही से खुशी की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खुशी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। वहीं स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल छात्रा को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, वहां देर रात इलाज के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना के बारे में छानबीन की। घटना के बाद पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसर गया है और पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

तालाब ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो जाने से आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में आज सुबह तालाब ओवरब्रिज पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उक्त घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की गई। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गये और लोगों को समझाकर शांत किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि तालाब ओवरब्रिज की चैड़ाई कम है और यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अधिकारियों से कहा कि ओवरब्रिज से नीचे उतरने वाले मोड़ काफी खतरनाक हैं, जिनकी वजह से अक्सर हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे इंतजाम करने की मांग की, जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकें। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर भी कोतवाली सदर पहुंच गए। अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों और अन्य लोगों से बातचीत की और उन्हें समझा बुझाकर शांत किया तथा समाधान हेतु आश्वासन दिया गया।









