10 परीक्षा केन्द्रों पर 21 को होगी लेखपाल परीक्षाःतैयारियांःसख्त निर्देश

हाथरस उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025) को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहकर परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन जांच (फ्रिस्किंग) कराने तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को अंदर जाने से रोकने के निर्देश दिए। महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा कराए जाने तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही कार्यदायी संस्था को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं टीवी स्क्रीन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए, जिससे परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क एवं अनुशासित रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025) 21 मई (गुरुवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में परीक्षा हेतु 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर कुल 3408 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का संचालन कार्यदायी संस्था एवं परीक्षा सुरक्षा कार्यदायी संस्था के जनपद प्रतिनिधियों की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर मानक के अनुसार आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारी, संस्था द्वारा नामित एजेंसी के सदस्य आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment