
हाथरस प्रधानमंत्री द्वारा देश के नागरिकों से बुलियनध्सोना क्रय न करने की अपील के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में बुलियनध्सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने वर्तमान परिस्थितियों, बाजार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अफवाहों पर नियंत्रण एवं जनजागरूकता जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भारत के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सभी का दायित्व है कि देशहित में किए गए आह्वान का पूर्ण समर्थन करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की भ्रांति अथवा समस्या उत्पन्न होती है तो व्यापारी एवं आमजन तत्काल जिला प्रशासन से संपर्क करें। जिला प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों द्वारा इस अपील को स्वीकार कर राष्ट्रहित में सहयोग देने पर सभी को जिला प्रशासन की ओर से बधाई दी तथा उनके सकारात्मक सहयोग की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का उद्देश्य देशहित एवं व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को जागरूक करना है। ऐसे में सभी व्यापारियों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करना चाहिए। जिलाधिकारी ने सर्राफा व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे आमजन को अनावश्यक रूप से सोना अथवा बुलियन खरीदने के लिए प्रेरित न करें तथा बाजार में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सामाजिक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा वर्तमान परिस्थितियों में उनका सहयोग प्रशासन के लिए और भी अधिक आवश्यक हो जाता है। उन्होंने निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की असामान्य गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराई जाए।।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि जनपद में व्यापार मंडल का प्रशासन एवं पुलिस को सदैव सकारात्मक सहयोग प्राप्त होता रहा है तथा समय-समय पर व्यापारियों द्वारा रचनात्मक सुझाव भी प्राप्त होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी व्यापारियों द्वारा प्रधानमंत्री की पहल का समर्थन किया जाना इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर हम सभी एकजुट हैं। उन्होंने व्यापारियों से आपसी समन्वय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए जनहित एवं राष्ट्रहित में प्रशासन का सहयोग करते रहने का आह्वान किया।
बैठक में सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों द्वारा भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। व्यापारियों ने कहा कि वे आमजन को जागरूक करने, बाजार में अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। व्यापारियों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री की अपील एवं जिलाधिकारी द्वारा की गई पहल का पूर्ण समर्थन करते हैं तथा देशहित को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि विदेशी सोने की खरीद से परहेज किया जाएगा तथा घरेलू सोने को पुनर्चक्रित (रीसाइकिल) कर आभूषण तैयार किए जाएंगे। व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि व्यापार से बढ़कर देशहित महत्वपूर्ण है और राष्ट्रहित के प्रत्येक निर्णय में वे प्रशासन के साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्यकर मथुरा संभाग मथुरा रमेश सिंह, उपायुक्त राज्यकर खंड-1 राजकुमार सिंह, उपायुक्त राज्यकर खंड-2 प्रदुमन गुप्ता, सहायक आयुक्त राज्यकर खंड-2 हरिनाथ यादव एवं सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनमूर्ति शर्मा , सुरेश अग्रवाल एवं जनपद के बड़ी संख्या में अन्य सर्राफा व्यापारी आदि उपस्थित थे।












