आगरा से शादी समारोह में भाग लेने को आ रहे थे मामा भांजी


सिकंदराराऊ। शुक्रवार की रात्रि 8 बजे करीब शादी समारोह में भाग लेने आ रहे बाइक सवार मामा भांजी की बाइक एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी के निकट पहुंची ,तभी एक गाय से टकरा गई। पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने भांजी को रौंद दिया। हादसे में भांजी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई,जबकि मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका भांजी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया और घायल मामा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात्रि 8 बजे करीब जनपद आगरा के खेड़िया मोड़ निवासी अनुज और उसकी 29 वर्षीय भांजी साक्षी पुत्री राजू अपाचे बाइक पर सवार होकर शुक्रवार की रात्रि को क्षेत्र के गांव चितरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने की आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव मुगलगढ़ी के पास पहुंची, तभी हाइवे पर एक गाय से बाइक टकरा गई । इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। जिससे दोनों बाइक से सवार मामा भांजी सड़क पर गिर पड़े । पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने साक्षी को कुचल दिया । मौके पर भांजी साक्षी की दर्दनाक मौत हो गई तथा मामा अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई ।
सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। वहीं, पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सूचना मिलते ही सीओ जैनेंद्र नाथ अस्थाना भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दी गई । सूचना से परिजनों में हाहाकार मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवती की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









