पीड़िता ने ई रिक्शा चालक पर लगाया चोरी का आरोप:बुलंदशहर से अपने मायके शीतलबाड़ा आ रही थी पीड़िता

सिकंदराराऊ । थाना हसायन क्षेत्र के गांव शीतलबाड़ा में अपने मायके जा रही ई रिक्शा सवार महिला के स्वर्ण आभूषण गायब हो गए। पीड़िता महिला ने ई-रिक्शा चालक पर स्वर्ण आभूषण पार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जनपद बुलंदशहर के मऊआ खेड़ा निवासी पंकज देवी पत्नी दिनेश कुमार ने दी तहरीर में कहा है कि वह 24 अप्रैल की दोपहर करीब 1:30 बजे अपने गांव से अपने मायके गांव शीतलवाड़ा थाना हसायन आ रही थीं। सिकंदराराऊ के पंत चौराहे पर उतरने के बाद, वह बैंक ऑफ इंडिया के सामने से अपने गांव जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठीं। महिला के पास एक कपड़े का बैग था । जिसे ई-रिक्शा चालक ने अपने पैरों के पास रख लिया। बैग में कपड़ों के साथ दो सोने की अंगूठियां, कानों के झुमके और एक चैन-पेंडल रखा हुआ था। महिला का आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद, हाथरस रोड स्थित नहर पार गांव नगला विजन मार्ग के पास ई-रिक्शा चालक ने वाहन खराब होने की बात कहकर उन्हें उतार दिया। इसके बाद वह दूसरे वाहन से अपने गांव पहुंचीं। घर पहुंचकर जब पीड़िता ने बैग खोला, तो उसमें केवल कपड़े मिले, जबकि सभी सोने के जेवर गायब थे। तब उन्हें ई-रिक्शा चालक पर जेवर चोरी करने का शक हुआ। पीड़िता ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज की । तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुट गई है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जा रही है और मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









