
हाथरस थाना चंदपा परिसर में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक थाने के शौचालय में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और एक सिपाही को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करा दिया है।
बताया जाता है गाजियाबाद के लोनी निवासी करीब 25 वर्षीय युवक चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर पर चंदपा इलाके की एक 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने थाने पर मुकद्दमा दर्ज किया था और कल गुरुवार को पुलिस टीम ने दोनों को लोनी से बरामद किया था। बरामदगी के बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि युवक चंद्रपाल को पुलिस ने हिरासत में रखा था।
बताया जा रहा है गुरुवार रात करीब 10.30 बजे युवक ने पुलिसकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। युवक काफी देर तक शौचालय से जब वह बाहर नहीं निकला, तो पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा। वहां युवक शौचालय के जंगले से फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी युवक की थाना परिसर में पुलिस हिरासत में हुई मौत की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अन्य पुलिस आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह और सिपाही लखन सिरोही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इतना ही नहीं, दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करते हुए मुकददमा भी दर्ज कराया गया है।
उक्त पूरे मामले की जांच सीओ सादाबाद अमित पाठक को सौंपी गई है। युवक की मौत के बाद एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। समाचार लिखे जाने तक युवक के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे थे।









