
सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित सदलापुल के निकट बाइक सवार चार लोगों को एक तेज रफ्तार कैंटर ने रौंद दिया। हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। घायल महिला के भाई ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
त्रिमल सिंह पुत्र बाबू सिंह निवासी जंगलगढ़ी थाना जवां जिला अलीगढ़ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 9 अप्रैल की दोपहर को मेरी बहन सपना अपनी बड़ी बहन के घर निधौली कला जनपद एटा बाइक पर सवार होकर अपने पुत्र हिमांशु, प्रियांशु एवं गौरव अरोड़ा पुत्र मोहन लाल अरोड़ा के साथ जा रहे थे । जैसे ही बाइक सवार कासगंज रोड स्थित सदलापुल के निकट पहुंचे। तभी अलीगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसके परिणाम स्वरूप चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से सभी को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया । घायलों का उपचार अलीगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है । रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है ।












