आंधी-बारिश से फसलों की बर्बादी पर बरसे किसान, उचित मुआवजे के लिए सीएम को भेजा ज्ञापन

क्षेत्र में पिछले दिनों हुई असमय आंधी, बेमौसम बारिश और भीषण ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। रबी की तैयार फसलें खेतों में बिछ गई हैं, जिससे अन्नदाता दाने-दाने को मोहताज होने की कगार पर है। किसानों की इस बदहाली को देखते हुए को भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी अतुल वत्स को सौंपा और शीघ्र क्षतिपूर्ति की मांग की।
भारतीय किसान संघ के बैनर तले पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सासनी ब्लॉक सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में कुदरत के कहर ने गेहूं, सरसों और आलू की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि किसान पहले ही महंगाई की मार झेल रहा है, ऊपर से इस प्राकृतिक आपदा ने उसकी साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जिला अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह चैधरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार को तत्काल गिरदावरी (सर्वेक्षण) कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसानों को उनकी नष्ट हुई फसलों का उचित और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए, ताकि वे आगामी खरीफ सीजन के लिए खुद को तैयार कर सकें। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशानुसार नुकसान का आकलन कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की एकजुटता दिखाते हुए मुख्य रूप से वीरपाल सिंह (जिला मंत्री), चैधरी माधवी सिंह (जिला महिला प्रमुख), रघुवर दयाल शर्मा (जिला उपाध्यक्ष), योगेंद्र सिंह (जिला जैविक प्रमुख), अजय चैधरी (पूर्व जिला अध्यक्ष), लखन सिंह (कार्यकारी सदस्य), मनोज मिश्रा (सासनी ब्लॉक उपाध्यक्ष), रजत राना (सिकंद्राराऊ प्रभारी) आदि मौजूद रहे।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment