अमृत योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने को खोदी गई सड़के बदहाल

उबड़ खाबड़ सड़कों से लोगों को आगमन में हो रही परेशानी:आए दिन दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे लोग

अनूप शर्मा

सिकंदराराऊ । कस्बा में अमृत योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें बदहाल हैं। जल निगम द्वारा कस्बा के गली मोहल्लों में पाइपलाइन डालने को सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ठेकेदारों की लापरवाही से मरम्मत कार्य कछुआ गति से चल रहा है। जिससे कस्बा की सड़के बदहाल हो गई है। जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा में करीब 40 से 50 प्रतिशत सड़कों की खुदाई के बाद पाइपलाइन डालकर मरम्मत की गई, लेकिन कई जगह मरम्मत के बाद भी सड़कें खराब हैं। कहीं सड़कें धंस गई हैं तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं । सड़कों का ढलान सही न होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई गलियों की सड़कें तो छह माह से अधिक समय से टूटी पड़ी हैं और अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों के घरों के सामने गड्ढे और पानी भरने रहने से उनका आवागमन मुश्किल हो गया है।
मोहल्ला अनिल कॉलोनी की इंटरलॉकिंग सड़क का हाल सबसे ज्यादा खराब बताया जा रहा है। यहां पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन आधा-अधूरा मरम्मत कार्य कर उन्हें छोड़ दिया गया। सड़क पर इंटरलॉकिंग ईंटें बिखरी पड़ी हैं, गड्ढों में पानी जमा है । पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के गड्ढे नहीं भरे गए, जिससे कस्बा की सूरत बिगड़ गई है। सड़क के बीच में गड्ढे होने के कारण वाहन चालक और ग्रामीण, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं।

काम पूरा होने के बाद भी महीनों तक सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही है । जिससे धूल और कीचड़ की समस्या बनी रहती है। अव्यवस्था के कारण लोग परेशान हैं और प्रशासन से अविलंब सड़कों को ठीक कराने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने को खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment