सासनी-जलेसर रोड गांव किशनगढी स्थित केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जहां केन्द्र पर प्रशिक्षण दिया जाता है वहीं संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा गांव-गांव जाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में गांव ठाकुर नगला में महिलाओं को अगरबत्ती और धूपबत्ती बनाने तथा पैकिंग आदि का प्रशिक्षण दिया गया, जो शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शुक्रवार को प्रशिक्षण सपन्न कराते हुए संस्थान के निदेशक सुनील कुमार झा ने प्रतिभागियों से कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं तथा आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हांेंने बताया दिनांक इकत्तीस जनवरी से दिनांक तेरह फरवरी तक अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया था। जो सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को अगरबत्ती एवं धूपबत्ती बनाने की तकनीक, कच्चे माल की जानकारी, पैकेजिंग, विपणन तथा स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से निर्माण प्रक्रिया को सीखा। निदेशक ने कहा कि कैनरा बैंक आरसेटी हाथरस द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।












