
सासनी क्षेत्र के गांव रुहेरी से रहना के बीच मुख्य मार्ग पर स्थानीय लोगों द्वारा किए गए भारी अतिक्रमण ने राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। इसकी शिकायत फैक्ट्री संचालकों और यहां क निवासियों ने डीएम आवास पर पहुंचकर समस्याके सामधान की गुहार लगाई है।
इतवार को अपनी शिकायत में लोगों ने कहा है कि करीब आठ मीटर चैड़ी यह सड़क अतिक्रमण के कारण सिमट कर कुछ ही फुट में रह गई है, जिससे यहाँ से गुजरने वाले भारी वाहनों और राहगीरों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। इस मार्ग पर स्थित कई फैक्ट्रियों और इंडस्ट्रीज के संचालकों ने बताया कि सड़क पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की वजह से उनके मालवाहक वाहन समय पर नहीं पहुँच पा रहे हैं। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मियों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के कारण आठ मीटर की सड़क अब बेहद संकरी हो गई है। जब दो बड़े वाहन आमने-सामने आते हैं, तो स्थिति विकट हो जाती है और कई घंटों तक यातायात ठप रहता है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मार्ग से तत्काल अतिक्रमण हटवाया जाए ताकि यातायात सुगम हो सके और क्षेत्र के उद्योगों को हो रहे नुकसान पर लगाम लग सके। वहीं डीएम अतुल वत्स ने शिकायतकर्ताओं को समस्या के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है।









