छत से गिरकर दस वर्षीय बालक गंभीर घायल, अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती

सासनी। हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र के मोहल्ला छिपेटी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ अपने घर की छत पर खेल रहा एक दस वर्षीय बालक अचानक अनियंत्रित होकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा। इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परिजन घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर दौड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला छिपेटी निवासी महेश का दस वर्षीय पुत्र हर्षित अपने घर की छत पर खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे नीचे सड़क पर आ गिरा। तेज आवाज और बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे में बालक को गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों ने बिना समय गंवाए घायल हर्षित को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति को देखते हुए उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद से ही बालक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले वासी उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment