जिले में 8, 9 व 10 को पुलिस भर्ती परीक्षाःपरीक्षा केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व पारदर्शिता से करायें परीक्षा-डीएम

हाथरस उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शीरूप से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा को शासन की मंशानुसार पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का परीक्षण कर लिया जाए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी अथवा व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों की सुविधा के दृष्टिगत सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र प्रभारी, परीक्षा केंद्रों से जुड़े नोडल अधिकारी एवं एजेंसी द्वारा नामित अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment