प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करेगा निःस्वार्थ सेवा संस्थान

हाथरस। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाने और उनके उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था निःस्वार्थ सेवा संस्थान एक बार फिर सराहनीय पहल करने जा रही है और संस्था द्वारा आगामी 31 मई रविवार को प्रातः 9 बजे से आगरा रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में भव्य मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को समाज के सामने लाना, उन्हें सम्मानित करना तथा अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करना है। संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि जब विद्यार्थियों की मेहनत को समय पर सम्मान मिलता है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में देश व समाज के विकास में बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं।
समारोह में मुख्य रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। संस्थान द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार यूपी बोर्ड के वे छात्र-छात्राएं जिन्होंने 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए है। सीबीएसई बोर्ड के वे विद्यार्थी जिन्होंने 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों को कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा मंच पर स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान ने जिले के सभी योग्य मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षा प्रेमियों से समारोह में सम्मिलित होने की अपील की है। यदि आपके परिवार अथवा आसपास के किसी विद्यार्थी ने इस वर्ष यूपी बोर्ड में 85 प्रतिशत या सीबीएसई बोर्ड में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, तो वे इस सम्मान समारोह हेतु अपना आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं।विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल रखा गया है। सभी पात्र छात्र-छात्राएं आधिकारिक गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी एवं मार्कशीट अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं।गूगल फॉर्म लिंक एवं अन्य जानकारी निःस्वार्थ सेवा संस्थान के आधिकारिक फेसबुक पेज @nsshts से प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरूण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, डॉ. रंगेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment