फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा कर डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश

हाथरस। जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स संबंधित विभागीय अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री बनाये जाने में तेजी लाने तथा अवशेष कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री जनरेट किये जाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जाना संभव हो सकेगा। अतः सभी अधिकारी इस कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध रूप से संपादित करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अपेक्षित गति से नहीं पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे कृषक जो अब तक किसी कारणवश रजिस्ट्री से वंचित रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र पंजीकरण कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर पंचायत सहायकों, राशन डीलरों, लेखपालों एवं अन्य स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लेकर अभियान के माध्यम से अधिकाधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का पंजीकरण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराएं तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र कृषक फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी तथा अन्य अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment