जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा: डीएम- एसपी ने लिया जायजा

हाथरस।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती की आज से लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। यह परीक्षा जिले के 12 केंद्रों पर 27 अप्रैल तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।प्रत्येक पाली में 4416 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर आज सुबह से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे तथा  सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत भारी पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षार्थियों को गहन जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। तलाशी के दौरान उनके जूते-मोजे भी उतरवाए गए। होमगार्ड परीक्षा को लेकर डीएम एसपी ने भी परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया।
उ.प्र.पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उत्तर प्रदेश होमगार्डस के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की प्रथम व  द्वितीय पाली के अंतर्गत चल रही लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ एमजी पॉलीटेक्निक  का निरीक्षण कर यथा स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ परीक्षा केन्द्र एमजी पॉलीटेक्निक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने परीक्षा केन्द्र का भ्रमण कर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि आज प्रातःकाल से ही पूरी टीम परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु सक्रिय रही तथा सायंकालीन पाली में भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। जनपद में कुल 12 केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जो पूर्णतः पारदर्शी/शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षार्थियों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था, छाया (शेड) की व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही प्रत्येक केन्द्र पर मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में परीक्षार्थियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक किया जा रहा है तथा प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए तथा केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधा यथा पीने का पानी, बैठने व प्रकाश के उचित प्रबंध रखने के निर्देश दिये, जिससे कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पडे। परीक्षार्थियों के आने जाने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टेशन पर एक पुलिस हेल्प डेस्क की स्थापना भी की गई, जहां पुलिस कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। हेल्प डेस्क के माध्यम से बाहरी जनपदों से आए अभ्यर्थियों को विशेष सहयोग प्रदान किया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई गई। प्रथम पाली में कुल 4416 परीक्षार्थियों में से 3387 उपस्थित रहे, जबकि 1029 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 4416 परीक्षार्थियों में से 3512 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 904 अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सीओ सदर, सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment