नोएडा के उद्यमी से जमीन के नाम पर 1.12 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप: रिपोर्ट

हाथरस।नोएड़ा के प्रमुख एक बड़े उद्यमी के साथ जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शायरा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नोएडा के निदेशक श्याम सुंदर खेतान की शिकायत पर पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि शहर के लाल वाला पेच चामड़ गेट स्थित जमीन के मामले में उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। जिसके लिए उन्होंने 1करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये किस्तों में दिए थे।
जनपद गौतम बुद्ध नगर नोएडा के सेक्टर 17-ए निवासी प्रमुख उद्योगपति श्याम सुंदर खेतान ने कोर्ट के आदेश पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी फर्म रियल एस्टेट क्षेत्र में काम करती है। उन्होंने रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि अशोक रावत व संजीव रावत निवासी गली भोजराज कमला बाजार ने उन्हें बताया कि उन्होंने शहर के लाल वाला पेच चामड़ गेट स्थित लगभग 12,500 वर्ग मीटर भूमि का इकरारनामा अपने पक्ष में करा रखा है और उक्त भूमि के विकास और उसमें निवेश का झांसा देकर उनसे धोखाधड़ी की गई है। रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए यह भी कहा गया है कि नामजद लोगों ने दावा किया था कि उन्होंने जमीन के मूल मालिक के साथ इकरारनामा किया है और पट्टेदारों से जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उक्त बातों पर भरोसा करके योजना में निवेश करने पर समुचित लाभ होगा के आश्वासन पर पीड़ित कंपनी ने 22 अक्टूबर 2020 को सेक्टर-63 नोएडा के अपने ऑफिस में एक एमओयू साइन किया और विभिन्न किस्तों में कुल 1,12,50,000 रुपये का भुगतान कर दिया।
रिपोर्ट में उद्योगपति श्याम सुंदर का आरोप है कि नामजद लोगों ने जमीन पर कंपनी का अधिकार होने के बावजूद, बिना जानकारी दिए चार प्लॉट अन्य लोगों को बेच दिए। उससे प्राप्त धनराशि खुद हड़प ली। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि सही तथ्यों को छुपा कर उनकी कंपनी के बैनामा लगाकर उक्त भूमि का नक्शा भी पास करा लिया तथा इसके अलावा कंपनी की अनुमति के बिना वहां के निर्माण को भी तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि एसपी से लेकर एडीजी आगरा तक को पूरा प्रकरण बताया गया है।डीआईजी के निर्देश पर जांच हुई, लेकिन कार्यवाही नहीं हुई। इसलिए उन्होंने कोर्ट की शरण ली है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।। उक्त मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment