हाथरस थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा महौं दामाद की मारपीट से एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो जाने का आरोप है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है। वहीं पुलिस द्वारा घटना की छानबीन की जा रही है।बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा महौ में गत दो दिन पहले घरेलू विवाद के दौरान आरोप है कि दामाद ने अपने ससुर पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया। कस्बा निवासी 75 वर्षीय वृद्ध प्यारेलाल पुत्र सुखराम के परिजनों के मुताबिक उनका दामाद भी उनके साथ ही रहता था और नशे का आदी था। वह आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दामाद ने उनके साथ मारपीट कर दी। बताया जाता है मारपीट में घायल होने के बाद परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे प्रमोद ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की हत्या छोटी बहन के पति ने की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।









