परिवार समेत गुड़गांव जा रहे थे नगर महामंत्री,बाल बाल बचे:बेटे का गुरुग्राम में था इंटरव्यू

सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला रोशनगंज निवासी भारती जनता पार्टी के नगर महामंत्री प्रवीण वार्ष्णेय डॉबी भाई की स्विफ्ट डिजायर कार का टायर सोमवार की सुबह जनपद अलीगढ़ के खैर के निकट अचानक फट गया । जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार में प्रवीण वार्ष्णेय उनकी पत्नी और बेटा सवार थे। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
बताया जाता है कि मोहल्ला रोशनगंज निवासी प्रवीण वार्ष्णेय सोमवार सुबह करीब 5 बजे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर परिवार समेत गुड़गांव जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे जब वह खैर के पास पहुंचे, तभी अचानक कार का टायर फट गया। उस समय प्रवीण वार्ष्णेय स्वयं ही गाड़ी चला रहे थे। टायर फटने से कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पलट गई। जिससे चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दुर्घटना में प्रवीण वार्ष्णेय की धर्मपत्नी को अंदरूनी चोटें आई हैं, जबकि बाकी सभी सदस्यों को मामूली चोटें लगी हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अलीगढ़ से परिवारजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया यह जाता है कि सोमवार को प्रवीण वार्ष्णेय के पुत्र का गुड़गांव में इंटरव्यू था। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते प्रवीण वार्ष्णेय अपने बेटे के साथ पुनः गुड़गांव के लिए रवाना हो गए, जबकि अन्य परिजनों को दूसरे वाहन से सिकंदराराऊ वापस भेज दिया गया।












