चलती कार में लगी भीषण आगःमचा हड़कम्प

हाथरस थाना मुरसान क्षेत्र के इगलास रोड़ पर आज गांव रायक के निकट एक चलती कार में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। कार में सवार दो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया जाता है सुमित पुत्र गौरीशंकर निवासी नूरपुर बरौली थाना जवां अलीगढ़ और उनका मित्र आकाश पुत्र नरेश निवासी नूरपुर मुरसान के गांव बर्धवारी में अपनी बहन को लेने के लिए बहनोई संजय कौशिक पुत्र बृजमोहन कौशिक के घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार के इंजन से धुआं उठने लगा। पहले उन्होंने गाड़ी रोककर जांच की तो स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन कुछ दूरी चलने के बाद दोबारा धुआं उठने लगा। जब बोनट खोलकर देखा गया तो इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग चुकी थी।दोनों युवकों ने पानी और रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन देरी के चलते कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर लग गई, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment