पिता-पुत्र हुए साइबर ठगी का शिकार: ठगे 30 हजार

सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गीगला निवासी एक पिता-पुत्र को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाकर व लालच देकर पुराने 5 रुपये के नोट के बदले 30 लाख रुपये मिलने के झांसा देकर उन्हें साइबर ठगी का शिकार बनाये जाने का मामला सामने आया है और साइबर ठगों ने उनसे अलग-अलग किस्तों में 30 हजार रुपये ठग लिए। पीडित ने अब मदद की गुहार पुलिस से लगाई है।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव गीगला निवासी पंचम सिंह ने बताया कि उनके बेटे नितिन को फेसबुक पर पुराने ट्रैक्टर वाले 5 रुपये के नोट से जुड़ा एक विज्ञापन दिखा। जिसमें दावा किया गया था कि ऐसे नोट के बदले लाखों रुपये मिल सकते हैं। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर साइबर ठगों ने 30 लाख रुपये देने का झांसा दिया।ठगों ने पहले रजिस्ट्रेशन और आईडी बनाने के नाम पर उनसे 550 रुपये मांगे। नितिन ने ऑनलाइन ऐप के माध्यम से पैसे भेज दिये और अपना आधार कार्ड भी साझा कर दिया। कुछ ही देर बाद एक फर्जी आईडी कार्ड भी बनाकर भेजा गया, जिससे पिता-पुत्र को ठगों पर भरोसा हो गया।बताया जाता है ठगों ने विभिन्न बहाने बनाकर दो बार 8500-8500 रुपये और एक बार 12500 रुपये और ट्रांसफर करा लिए। जब काफी देर तक ठग का फोन रिसीव नहीं हुआ, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच को घटना की सूचना दी है। अपराध निरीक्षक नदीम असगर ने बताया कि अज्ञात ठगों के खिलाफ मिले नंबरों को लेकर साइबर क्राइम द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी है और जांच की जा रही है।साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने नोटों, सिक्कों और दुर्लभ वस्तुओं के बदले लाखों रुपये देने का लालच देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने जनता से ऐसे किसी भी विज्ञापन या अनजान नंबर पर भरोसा न करने की अपील की है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment