
हाथरस। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आगरा मार्ग पर वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। प्ले से नवम एवं एकादश कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त भैया एवं बहिनों को पुरस्कार एवं रिपोर्ट कार्ड देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। सरस्वती प्रतिभा खोज (मेधावी परीक्षा) परीक्षा में सभी मेधावी भैयाओं को गोल्ड मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हर्षवर्धन उपाध्याय (कॉलोनाइजर), गिर्राज किशोर वशिष्ठ (अवकाश प्राप्त प्रवक्ता), विद्यालय के अध्यक्ष शरद तिवारी, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, प्रबंधक अनिल, सदस्य रामनारायण वर्मा, सेवानिवृत्त परियोजना अधिकारी अगरिया जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेश कुमार समाधिया उपस्थित थे। भैया एवं बहिनों के साथ अभिभावकों की उपस्थिति भी सराहनीय रही। परीक्षा परिणाम को सुनकर भैया बहिनों के साथ-साथ अभिभावकों में भी प्रसन्नता देखी गई।












