
हाथरस। ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत पुलिस ने की बड़ी कार्यवाही करते हुए 07,71,75,885/- रुपये (7 करोड़ 71 लाख 75 हजार 885 रुपये)मूल्य के मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नशा मुक्त उत्तर प्रदेश के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजीव कृष्णा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा दिये गये निर्देशन के क्रम में प्रदेश में जब्त/बरामद अवैध मादक पदार्थों के विधिसम्मत विनष्टीकरण/निस्तारण हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन दहन 1मार्च से 31 मार्च तक चलाया जा रहा है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चलाये जा रहे ऑपरेशन दहन के अंतर्गत जनपद की पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के विरुद्ध एक निर्णायक कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 279 अभियोगों से संबंधित जब्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। ऑपरेशन दहन अभियान के तहत राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। जिनके द्वारा नशीले मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया, जो लंबे समय से थानों के मालखानों में मुकदमे की कार्यवाही के कारण जमा थे । विनष्टीकरण जेआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड एत्मादपुर आगरा स्थित इंसीनेरेटर (भट्ठी) के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया गया। विनष्ट किए गए कुल मादक पदार्थों का वजन लगभग 249.604 किलोग्राम है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत सात करोड़ 71 लाख 75 हजार 885 रुपये है।












