
हाथरस। शहर के आगरा रोड पर सादाबाद गेट स्थित श्री जगदंबा भवन पर विराजमान प्राचीन अष्टभुजी देवी मां सिद्धेश्वरी महारानी जी सिद्धपीठ नगरकोट का पवित्र नवरात्रि पर्व में विशाल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ चल रहा है और पाठ का समापन कल महानवमी पर होगा। जबकि नवदुर्गा पर्व महोत्सव के उपलक्ष में मंदिर पर कई धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए हैं।। उक्त संबंध में जानकारी देते हुए मां सिद्धेश्वरी महारानी सिद्धपीठ के सेवक पं. राघवेंद्र शर्मा वैदेल व यादवेंद्र शर्मा वैदेल ने बताया है कि नवदुर्गा महोत्सव पर्व के उपलक्ष में अष्टभुजी देवी मां सिद्धेश्वरी महारानी जी सिद्धपीठ नगरकोट पर विशाल नवदुर्गा महोत्सव मनाया जा रहा है और आज महाअष्टमी पर रात्रि को सर्वारिष्ट निवारणार्थ विशाल हवन, ज्योत एवं रात्रि जागरण रात्रि 8 बजे से आयोजित होगा। साथ ही हवन में सर्वकामना सिद्धि हेतु आहुतियां दी जायेंगी। जबकि कल 27 मार्च को चैत्र सुदी महानवमी पर प्रात 9 बजे से नवाह पाठ होगा और श्री दुर्गा सप्तशती पाठ का समापन होगा। जबकि शाम को 7 बजे से अमृतघट का भोग लगेगा तथा कल महानवमी के अवसर पर मां सिंह वाहिनी अष्टभुजी मां श्री सिद्धेश्वरी महारानी जी सिद्धपीठ के मनमोहक श्रृंगार दर्शन और प्रसाद वितरण होगा तथा इस मौके पर संकीर्तन कवि दरबार भी आयोजित होगा। जिसमें कवि प्रभुदयाल दीक्षित एवं अन्य कवियों द्वारा महामाई भगवती का गुणगान किया जाएगा और रात्रि 11:30 बजे मां सिद्धेश्वरी महारानी की महा आरती होगी। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता से मां सिद्धेश्वरी के अलौकिक दर्शन प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।












