सासनी- विजयगढ़ रोड कोमल सिटी मे स्थित एस.बी.एस. यूनियन स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से आधिकारिक मान्यता प्राप्त होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड गई। प्रमुख शिक्षाविद एवं उद्योगपति डॉ. विकास सिंह ने इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के बच्चों को नाममात्र शुल्क पर विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना उनका मुख्य लक्ष्य है।
शनिवार को डा. विकास सिह ने कहा कि विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास का जो संकल्प लिया था, उसे साकार करने का समय अब आ गया है। अब सासनी के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचैरी ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी मेहनत से समाज और देश की सेवा करें और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय पर पंजीकरण कराकर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें। मान्यता मिलने की आधिकारिक पुष्टि होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। अभिभावकों ने भी प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया। इस दौरान डा. विकास सिंह सहित विद्यालयके छात्र-छात्रायें और शिक्षक-शिक्षिकायें मौजूद थे।












