
हाथरस-6 मार्च। श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में गत दिसम्बर माह में आयोजित दो-दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन भारत में उच्च शिक्षा और कौशल विकास, रोजगार के अवसर और चुनौतियां की सफलता को एक नया आयाम मिला है। सम्मेलन के दौरान प्रस्तुत किए गए उच्च स्तरीय शोध-पत्रों और विद्वानों के विचारों को संकलित कर तैयार किए गए विशेष जनरल पेपर/शोध-संग्रह का आज महाविद्यालय की प्राचार्या एवं आयोजन समिति द्वारा विधिवत विमोचन किया गया है।
दिसम्बर में आयोजित उक्त सम्मेलन में न केवल देश एवं विदेश के विभिन्न ख्याति प्राप्त विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया था, बल्कि विदेशी विद्वानों ने भी वर्चुअल एवं भौतिक माध्यम से अपने विचार साझा किए थे। सम्मेलन की सार्थकता को बनाए रखने के लिए आयोजन समिति ने इन बहुमूल्य विचारों को एक सूत्र में पिरोते हुए माला रूपी जनरल पेपर के रूप में प्रकाशित करने का निर्णय लिया था, ताकि यह भविष्य में शोधार्थियों के लिए मार्गदर्शक बन सके।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह शोध-संग्रह केवल एक प्रकाशन नहीं है, बल्कि वैश्विक ज्ञान के आदान-प्रदान का दस्तावेजीकरण है। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य तभी पूर्ण होता है जब उसमें मंथन किए गए विचार समाज और शिक्षण जगत के सामने लिखित रूप में आएँ। श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति में अध्यक्ष पदम नारायण अग्रवाल और सचिव प्रदीप गोयल का मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहा है। उनके विजन और निरंतर सहयोग के बिना इस अंतर्राष्ट्रीय शोध-संग्रह का प्रकाशन संभव नहीं था। शिक्षा जगत में ज्ञान के प्रसार हेतु उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए हम उनका हृदय से सम्मान करते हैं। सम्मेलन की संयोजक श्रीमती अनामिका सिंह एवं सह संयोजक डॉ. बरखा भारद्वाज ने बताया कि इस जनरल पेपर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शोध मानकों का पालन किया गया है। आयोजन सचिव डॉ. ललितेश तिवारी एवं आयोजन सह सचिव डॉ. अमित भार्गव ने बताया कि इसमें सम्मिलित लेख, विभिन्न समसामयिक विषयों और भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हैं। यह प्रकाशन महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस मौके पर समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित था।












