रिपोर्ट के बाद देर रात्रि को किया अंतिम संस्कार

सिकन्द्राराऊ-6 मार्च। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया में गुरुवार की रात्रि को पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजन नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। परिजनों ने मृतक का शव हाईवे पर सर्विस लाइन पर रख दिया। जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद देर रात्रि को परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई ने कोतवाली में पांच नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी 28 वर्षीय देवा उर्फ देवेंद्र यादव का शव गुरुवार की दोपहर को गांव में गंदे नाले में बाइक समेत पड़ा मिला था। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी । पोस्टमार्टम के बाद रात्रि को युवक का शव गांव पहुंचा। परिजनों ने युवक के शव को हाईवे पर सर्विस लाइन पर रख दिया और आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे । सर्विस लाइन पर शव रखने से यातायात व्यवस्था ठप हो गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। जिसके बाद मृतक के शव को सर्विस लाइन से हटाया गया और शव को गांव के बाहर गेट पर रख दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। मृतक के भाई रेशमपाल पुत्र सूरत राम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गत 4 मार्च की रात्रि 10 बजे उनका भाई देवा उर्फ देवेंद्र उम्र 28 वर्ष अपने घर से दूसरे घर जा रहा था। अचानक गायब हो गया। गत 5 मार्च को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटों बाद उसका शव गांव के गंदे नाले में बाइक के नीचे पड़ा मिला ।आरोप है कि गांव के ही अल्केश, सतेंद्र, अतुल पुत्रगण हजारीलाल, रामअवतार पुत्र धनीराम, टीटू उर्फ ओमकार पुत्र रामजीलाल एवं 2 अज्ञात लोगों ने घर से गांव जाते समय रास्ते में देवा पर हमला कर दिया। आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया और उसकी जेब में रखे रुपए भी निकाल लिए गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद देर रात्रि को मृतक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है।












