एसडीएम ने मामले में जांच की शुरूः 2 पालिका कर्मी निलंबित
(अनूप शर्मा द्वारा)

सिकन्द्राराऊ-6 मार्च। कस्बा के मौहल्ला दमदमा में धुलेड़ी के दिन बुधवार को होली खेलने के दौरान नगर पालिका के स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से 12वीं की छात्रा भूमि शर्मा की मौत के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। इस घटना के बाद कस्बा में कई सवाल उठ रहे हैं । उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में नगर पालिका बाबू समेत दो कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
बतादें कि मौहल्ला दमदमा में गत बुधवार को होली खेलते समय गीले कपड़ों के कारण 12वीं की छात्रा भूमि शर्मा (18 वर्ष) पुत्री मुकेश शर्मा पोल के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर मौत हो गई। आनन फानन में परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
नगर पालिका में कार्यरत बाबू ने बताया कि जिस पोल में करंट प्रवाहित हुआ था। वह मूल रूप से सोलर स्ट्रीट लाइट के लिए लगाया गया था। कुछ समय पहले सोलर लाइट खराब होने के कारण उसका कनेक्शन काट दिया गया था और पोल चालू हालत में नहीं था। बताया यह भी जाता है कि उसी गली में एक घर तक बिजली कनेक्शन पहुंचाने के लिए एक केबल डाली गई थी। इस केबल को इसी पोल के सहारे से घर तक ले जाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि केबल के चटक जाने से बिजली का करंट पोल में प्रवाहित होने लगा। जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि जब पोल का कनेक्शन कटा हुआ था ,तो उसके सहारे बिजली की केबल क्यों डाली गई। नगर पालिका के एक कर्मचारी ने बताया कि उनका काम कार्यालय से संबंधित है, फील्ड से नहीं, इसलिए उन्हें केबल डालने की जानकारी नहीं थी और न ही उनके संज्ञान में डाला गया।
उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने मामले की जांच शुरू करा दी है और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में नगर पालिका के दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही को अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजा गया। बताया यह भी जाता है कि पत्र के प्राप्त होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने एक बाबू समेत दो कर्मियों को निलंबित कर दिया है।












