
सिकन्द्राराऊ-9 फरवरी। कस्बा के मौहल्ला काजियान में बीती रात एक नामजद युवक ने शराब पीकर मस्जिद के इमाम के साथ मारपीट कर दी और मस्जिद के गेट पर पथराव कर दिया। जिससे मामला तूल पकड़ गया और लोगों में आक्रोश पनप गया। मौके पर लोगों की खासी भीड़ एकत्रित हो गई। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की गई। उक्त मामले में आरोपी नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मौहल्ला काजियान निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र यामीन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि रविवार की रात्रि करीब 10 बजे मौहल्ले का ही सोनपाल यादव उर्फ सोना पुत्र बाबूलाल यादव शराब के नशे में धुत्त होकर मस्जिद के गेट पर पहुंचा और हंगामा करने लगा ।आरोप है कि आरोपी ने मस्जिद के इमाम रिजवान पुत्र जहीर अहमद निवासी मौहल्ला शाहबुद्दीनगंज ने जब विरोध किया तो आरोपी ने इमाम के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी तथा मस्जिद के गेट पर पथराव कर दिया। आरोपी ने माहौल खराब करने की कोशिश की। घटना से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आरोपी इमाम को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग जाने में सफल रहा।
घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना से लोगों में आक्रोश पनप गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है कि आरोपी सोनपाल यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।












