
सिकन्द्राराऊ- 3 फरवरी। कस्बा के कासगंज रोड स्थित एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी स्वामी से ठग ने 15 हजार रूपए की ठगी कर ली । पीड़ित ने आरोपी ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली में दी तहरीर में अली एजेंसी कासगंज रोड ने उल्लेख किया है कि सोमवार को उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति की कॉल आयी। उक्त व्यक्ति द्वारा पीड़ित से 200 पेटी पानी की मांगी गई । जिसके लिए पीड़ित ने हां कर दी । आज पुनः उक्त व्यक्ति की कॉल आई। जिसके बाद उनके मोबाइल पर 66000 रूपए का फर्जी मैसेज आया। जिसको पीड़ित समझ नही सका। कुछ देर बाद उक्त व्यक्ति की पीड़ित के पास कॉल आयी और उसने कहा कि कुछ रूपए ज्यादा पड़ गए है। पीड़ित ने उसके मोबाइल नंबर पर 15000 रूपए डाल दिए। जिसके बाद उक्त ठग का मोबाइल बंद आ रहा है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।









