मालगाड़ी की चपेट में आने से बालक की मौतःकोहराम


सिकन्द्राराऊ-2 फरवरी। थाना हसायन के अंतर्गत गांव खेड़िया कला निवासी एक 10 वर्षीय छात्र की आज गांव के नजदीक से होकर गुजर रही रेलवे लाइन पर मालगाड़ी से कटकर दर्दनाक मौत हो गई ।बालक की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताया जाता है गांव खेड़िया कला निवासी ओंकार का 10 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश गांव के प्राइमरी स्कूल में पढ़ता था। सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे वह स्कूल से किसी तरह रेलवे लाइन पर आकर के खेलने लगा। अक्सर गांव के बच्चे रेलवे लाइन पर आकर खेलते हैं तथा स्टंटबाजी करते है। यकायक सिकन्द्राराऊ की और से तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई । बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना पहुंच गए तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक बालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बालक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment