
हाथरस-2 फरवरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में आज एंटी करप्शन की टीम ने एक महिला बाबू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है और टीम आरोपी क्लर्क को अपने साथ ले गई।एंटी करप्शन टीम के कार्यवाही से सीएमओ कार्यालय में भारी खलबली मच गई है।
बताते हैं आज अलीगढ़ से आयी एंटी करप्शन टीम ने सीएमओ कार्यालय में एक महिला क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आज दोपहर जब क्लर्क को इंटर्नशिप अलॉटमेंट के नाम पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। गिरफ्तार की गई महिला क्लर्क का नाम बबीता चैहान है।आरोप है कि वह प्रशिक्षु प्रशांत परमार से हाथरस सीएचसी पर इंटर्नशिप के अलॉटमेंट के लिए 5,000 रुपये की मांग कर रही थी और पिछले 15 दिनों से उसे परेशान कर रही थी। प्रशांत परमार ने लगातार परेशानी के बाद एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और बबीता चैहान को सीएमओ कार्यालय में ही रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
एंटी करप्शन टीम की उक्त कार्यवाही से सीएमओ कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। एंटी करप्शन टीम महिला क्लर्क को पहले महिला थाना ले गई और फिर वहां से कोतवाली हाथरस गेट ले जाया गया। टीम उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। छापेमारी की खबर फैलते ही स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों में भी खलबली मच गई। उन्हें इस बात की चिंता सता रही थी कि कहीं वह भी इस मामले में न फंस जाएं। उक्त मामला आज भारी चर्चाओं में है।









