
हाथरस- 31 जनवरी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से महाशिवरात्रि व कांवड यात्रा के दृष्टिगत जनपद में कांवडियों के मुख्य आवागमन मार्ग का भ्रमण व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
आज जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा महाशिवरात्रि पर्व/कांवड यात्रा के दृष्टिगत कांवडियों के मुख्य आवागमन सिकन्द्राराऊ-हाथरस मार्ग का भ्रमण/निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया । इस दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी सिकन्द्राराऊ, थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन, एन.एच.ए.आई., पीडब्लूडी, नगर पालिका व अन्य विभागो के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद थे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान कांवडियों के आने-जाने वाले सिकन्द्राराऊ – हाथरस रुट के पंत चौराहा जाऊ नहर पुल, खारजा नहर पुल, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास कट आदि स्थानों का भ्रमण किया गया तथा रुट में पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध करने हेतु व उन्हें सतर्कता के ड्यूटी करने तथा कावडियों को सामूहिक रूप से जत्थों में रवाना करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत कांवड़ियों के आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस व प्रशासन अधिकारी/कर्मचारीगणो की ड्यूटी लगायी जायेगी तथा आने-जाने वाले कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो उसके लिये जगह जगह कैम्प बनाये जायेगे ।

जिलाधिकारी द्वारा एनएचएआई को टूटी हुई सड़कों को सही कराने, सड़कों की पैंचिंग कराने एवं जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां रोड सेफ्टी साइनेजिज लगाने के निर्देश दिए गए । उन्होंने कहा कि जो स्ट्रीट लाईट खराब हैं उन्हें तत्काल ठीक करें जिससे कि किसी कांवड़ यात्री को रात्रि में परेशानी का सामना न करना पड़े। कांवड़ यात्रियों हेतु सड़क किनारे फुटपाथ बनाने, जहां पर सड़क संकरी है वहां पर मार्ग को चौड़ा करने तथा कांवड़ यात्रियों के रात्रि में आवागमन हेतु सड़क पर रिफलेक्टर लगाने एवं बैरीकेटिंग कराने के निर्देश दिए। कैम्पों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं यथा विद्युत, पानी, स्वअल्पाहार आदि की व्यवस्था की जायेगी । साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य चौराहो पर कांवड़ियों के आने-जाने व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु चौबीस घंटे आवश्यकतानुसार पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए गये । साथ ही बरेली-कासगंज-मथुरा मार्ग पर कांवडियों व भक्तजनों की काफी संख्या में भीड होने के कारण कांवडियों व आमजनमानस की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ियों के आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने व ड्यूटियों को समय-समय पर चेक करने एवं मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देशित किया। उन्होने सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवड यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले गड्ढे को भरने, बिजली की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये तथा कावंडियों के ठहरने एवं सूक्ष्म जलपान हेतु बने शिविरों में प्रकाश, पानी, बैठने के लिए कुर्सी व आराम करने हेतु चारपाई/गद्दे, प्राथमिक चिकित्सा, जलपान, स्वल्पाहार, साफ-सफाई, आदि की समुचित व्यवस्था हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया । कांवड यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किये गए है, सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगायी जायेगी । साथ ही जनपद में जगह-जगह बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की सघनता से चेकिंग की जायेगी तथा आने-जाने वाले कावडियों का समुचित मार्गदर्शन किया जायेगा । पुलिस एवं प्रशासन जनपद में कांवड यात्रा के दृष्टिगत चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु कटिबद्ध है ।












