![]()
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव डंडेसरी निवासी एक व्यक्ति ने जमीन के सौदे में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव डंडेसरी निवासी अजय कुमार पुत्र राजकुमार सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने गत 15 अप्रैल 2024 को उसका देवराज सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव फतेलीपुर थाना सिकंदराराऊ हाल निवासी भदेसी माफी मां डोरी नगर अलीगढ़ से एक कृषि भूमि का सौदा तय हुआ था। सौदे के तहत तय रकम में से बड़ी धनराशि उसने नकद व ऑनलाइन माध्यम से एडवांस के रूप में दे दी। लिखित रसीद भी तैयार कराई गई। पीड़ित का कहना है कि कुछ कानूनी औपचारिकताओं और अनुमति की प्रक्रिया के कारण बैनामा नहीं हो सका, लेकिन इस दौरान आरोपी देवराज सिंह और उसके पुत्र साहिल कुमार ने तयशुदा जमीन को गुपचुप तरीके से किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब पीड़ित ने इस बारे में आरोपियों से जानकारी लेने की कोशिश की तो शुरुआत में उसे टालमटोल किया गया। बाद में पीड़ित ने तहसील पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कराई तो उसे जमीन के विक्रय की जानकारी हुई। आरोप है कि इसके बाद जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करना चाहा तो फोन बंद कर लिया गया और बात होने पर गाली-गलौज करते हुए जमीन देने से साफ इनकार कर दिया गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने अपने दिए गए एडवांस की रकम वापस मांगी तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने, विशेषकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराने की धमकी दी गई। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।












