

हाथरस-29 जनवरी। शहर के बागला कालेज रोड स्थित अक्रूर इंटर कॉलेज प्रांगण में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान आज एक हादसा हो गया और निर्माण कार्य के दौरान लेंटर डालते समय मलबे में दबकर पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी हड़कम्प मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
बताया जाता है शहर के बागला कॉलेज रोड स्थित अक्रूर इंटर कॉलेज के प्रांगण में निर्माण कार्य चल रहा है और निर्माण कार्य के दौरान आज लेंटर डालते समय वहां पर पांच मजदूर मलबे में दब गए, जिससे वे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया।
घायल मजदूरों में से तीन राहुल निवासी नगला इमलिया, भारत सिंह और योगेंद्र निवासीगण गांव अमरपुर घना को गंभीर चोटें आयीं हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर घायल मजदूरों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल तीनों मजदूरों को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।












