दो शातिर ठग महिला को नकली नोटों की गड्डी थमा कुंडल लेकर हुए फरार
सिकंदराराऊ। कस्बा के पंत चौराहे पर दो शातिर ठगों ने एक महिला को अपनी बातों में फंसा कर उसके कान के कुंडल उतरवा लिए और उसे नकली नोटों की गड्डी थमाकर उसके कुंडल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला रोने बिलखने लगी। पीड़िता ने कोतवाली में अज्ञात दो ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी निवासी शर्मीली देवी पत्नी राजेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 27 नवम्बर की दोपहर 12:30 बजे करीब वह अपने घर से सरकारी अस्पताल जा रही थी। इस दौरान उसे पंत चौराहे पर दो अज्ञात युवक मिले । दोनों युवकों ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया और उसके कान के कुंडल उतरवा लिए। शातिर युवक महिला को कागज की नकली नोटों की गड्डी थमाकर उसके कुंडल लेकर भाग गए। घटना के बाद महिला रोने चिल्लाने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। महिला ने शातिर युवकों की तलाश की । किंतु उनका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस शातिर दोनों ठगो की तलाश में जुट गई है।










