आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जिले की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। शनिवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सह प्रभारी कुणाल चौधरी के नेतृत्व में हाथरस के तीन प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय इन तीनों नेताओं को लेकर दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान बसपा के पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी, सपा से वार्ड संख्या-9 के जिला पंचायत सदस्य राजेश दिवाकर और इसी वार्ड के पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज चौधरी ने अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनके साथ ही जगदीश चौधरी, नीरज कुमार, गजेंद्र सिंह तोमर और मोरध्वज भी पार्टी में शामिल हुए। बता दें कि गेंदा लाल चौधरी जिले के अनुभवी राजनेता हैं। उन्होंने वर्ष 2007 में बसपा के टिकट पर तत्कालीन सासनी सुरक्षित सीट से चुनाव जीता था। इसके बाद परिसीमन होने पर 2012 में वे बसपा के ही टिकट पर हाथरस सुरक्षित सीट से दूसरी बार विधायक बने। हालांकि, 2017 के चुनाव में उन्हें रालोद के टिकट पर हार का सामना करना पड़ा था। सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी, राजेश दिवाकर और पंकज चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और जनहित में काम करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम व राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि इन नेताओं के अनुभव और जनसमर्थन से जिले में पार्टी को नई ताकत मिलेगी। जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहा कि सभी नेता मिलकर जनता के मुद्दे उठाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता हेमंत सेंगर, जिला महासचिव नवीन उपाध्याय, अब्बास हुसैन, कृष्ण एडवोकेट और हिमांशु जय हिंद भी मौजूद रहे।
हाथरस में बसपा-सपा को झटका, पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी और राजेश दिवाकर कांग्रेस में शामिल









