सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित गांव बिराबर के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी बाइक सवार भाई बहन गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। घायल के पिता ने कोतवाली में अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिशुपाल सिंह पुत्र तुर्मी सिंह निवासी गांव पृथ्वीपुर थाना पिलुआ जनपद एटा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 9 नवंबर की दोपहर 12:30 बजे करीब उनका पुत्र सचिन अपनी बहन कुसुमा देवी के साथ बाइक पर सवार होकर गांव नहलपुर रिश्तेदारी में जा रहा था । जैसे ही बाइक सवार भाई बहन गांव बिराबर के समीप पहुंचे। तभी कासगंज की ओर से तेज गति से आ रही बाइक के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भाई बहन गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायल भाई बहन का उपचार अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अज्ञात बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।









