मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने का आरोप, व्यापारी को दी धमकी

कस्बा के एक व्यापारी ने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दी है। पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
सोमवार को कस्बा सासनी के मोहल्ला छिपैटी निवासी अनुज भार्गव पुत्र किशन प्रसाद भार्गव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनका अतुल मित्तल के खिलाफ थाना सासनी में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि इस मामले में न्यायालय की ओर से आदेश जारी होने के बावजूद उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित अनुज के अनुसार, बीस नवंबर को दोपहर करीब दो से ढाई बजे वह सासनी टीवीएस एजेंसी के सामने स्थित अपने गोदाम पर थे। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक से एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनका नाम पूछने के बाद फोन पर किसी से बात कराने लगा। फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने अतुल मित्तल के मामले में समझौता करने को कहा। ऐसा नहीं करने पर उनके साथ कोई भी घटना होने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि इस घटना से वह भयभीत हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment