
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सासनी एसडीएम शिव प्रकाश यादव के साथ केएल जैन इंटर कॉलेज और जूनियर स्कूल स्थित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के जरिए आए आवेदनों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्व की अनुपस्थित, स्थानांतरित व मृत (एएसडी) मतदाता सूची का घर-घर जाकर दोबारा सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए और गलत प्रविष्टियों में नियमानुसार सुधार हो। सभी आवेदनों का समय पर निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि आगामी अटठाईस और उनत्तीस नवंबर को भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे। एक जनवरी 2027 को अठारह वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा या अन्य छूटे पात्र नागरिक मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची देख सकते हैं। नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा किया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की।











