सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में सोमवार की रात एक किसान के मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर मकान में रखा लाखों रुपए की कीमत का सामान जलकर राख हो गया।
गांव हिम्मतपुर निवासी केसर देव पुत्र लक्ष्मी नारायण के मकान में सोमवार की रात्रि को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घर से आग की उठती लपटों को देख मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने आग कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया । आग की चपेट में आने से डबल बेड, एलईडी टीवी, फ्रिज, ड्रेसिंग टेबल, परिवार के कपड़े और घर का अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए । पीड़ित को अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित किसान ने मदद की गुहार लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराने और सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है ।







