क्षेत्र में उचित दर राशन विक्रेता द्वारा कार्डधारकों के अंगूठे ई-पॉश मशीन पर लगवाने के बावजूद महीनों तक राशन न देने और खाद्यान्न की कालाबाजारी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र कुमार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कोतावली सासनी के नगर क्षेत्र के उचित दर विक्रेता विष्णु कुमार गुप्ता के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बता दें कि मामले की शुरुआत तब हुई जब सासनी क्षेत्र की रहने वाली विमलेश और अन्य राशनकार्डधारकों ने एसडीएम शिव प्रकाश यादव के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि विक्रेता विष्णु कुमार गुप्ता उनकी ई-पॉश मशीन पर अंगूठा तो लगवा लेते हैं, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया जाता है। इस शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने पूर्ति लिपिक कृष्णा कुमार के साथ बारह नवंबर दो हजार छब्बीस को आरोपी विक्रेता की दुकान पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान खुली मिली और विक्रेता कार्डधारकों के अंगूठे लगवाते हुए पाए गए। जब मौके पर मौजूद दर्जनों कार्डधारकों जैसे पदमा देवी, भावना वाष्र्णेय, रजिया, पूजा और यशोदा सेंगर आदि से पूछताछ की गई, तो उन्होंने लिखित बयान दिए कि विक्रेता पिछले कई महीनों से लगातार उनके अंगूठे लगवा रहे हैं लेकिन उन्हें राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है। इसके बाद जांच टीम ने दुकान में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें दुकान पर खाद्यान्न की मात्रा शून्य पाई गई और विक्रेता कोई भी स्टॉक रजिस्टर या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विक्रेता मूल रूप से ग्राम बसई काजी के रहने वाला है और उन्होंने वहां के भी कई कार्डधारकों के अंगूठे लगवाकर राशन हड़प लिया है। विभागीय वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, विक्रेता की दुकान पर अक्टूबर और नवंबर महीने के दौरान पैंतीस क्विंटल से अधिक गेहूं, छब्बीस क्विंटल से अधिक चावल और बाजरा का स्टॉक अवशेष होना चाहिए था, जो मौके पर गायब मिला। प्रशासन ने इसे अवैध धनार्जन के उद्देश्य से खाद्यान्न की कालाबाजारी और उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु आदेश तथा अनुबंध शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन माना है। डीएम सत्य प्रकाश पटेल की अनुमति के बाद सासनी कोतवाली पुलिस ने आरोपी विक्रेता विष्णु कुमार गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा तीन और सात के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक राम नरेश को अग्रिम विवेचना और जांच का जिम्मा सौंप दिया है।








