हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से सात वर्षीय बालक झुलसा

क्षेत्र के गांव किशनगढ़ी विजहारी में गांव में छत के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बालक को आनन-फानन में हाथरस जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सोमवार को मिली जानकारी के मुताबिक, कार्तिक (7) पुत्र गोपाल अपने पिता के साथ गांव में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। इसी दौरान घर के पास किन्नरों का बधाई कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम देखने के लिए बच्चा छत पर पहुंच गया। बताया जाता है कि छज्जे पर खड़े होकर कार्यक्रम देखते समय उसका हाथ ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गया। लाईन से निकल रहे तेज करंट लगने से बच्चा बुरी तरह झुलस गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़कर छत पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने अथवा सुरक्षित करने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब देखना होगा कि मासूम के साथ हुए इस हादसे के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी कब जागते हैं और खतरनाक लाइन को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment