
बाल दिवस के मौके पर एसबीएस यूनियन स्कूल में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार सोनू बघेल और विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया।
शनिवार को अयोजित समारोह में तहसीलदार सोनू बघेल और डॉ. विकास सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रतिवर्ष चैदह नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को चाचा नेहरू के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नेहरू जी के बच्चों के प्रति अगाध स्नेह को देखते हुए वर्ष 1964 से भारत में बाल दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। इस दौरान दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित रंगोली, दिया मेकिंग और थाली सजाओ प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। मेले में बच्चों के मनोरंजन और खान-पान के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों ने पानी पुरी, पेटीज, पॉपकॉर्न, पेस्ट्री और भेलपुरी जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर लुत्फ उठाया। इसके साथ ही खेलकूद में रिंग थ्रो, मिक्की माउस, जंपिंग जैक, बॉलिंग बकेट, आर्चरी और रिंग एंड स्टैंड जैसी गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकायें और बच्चे मौजूद रहे।









