सासनी में दीपावली से पहले प्रशासन सख्त पटाखा दुकानों और गोदामों पर छापेमारी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कड़ी कार्रवाई

दीपावली के पावन पर्व को सुरक्षित और हादसमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में सासनी क्षेत्र में अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पटाखा निर्माण इकाइयों, थोक गोदामों और बिक्री की खुदरा दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को यह विशेष सुरक्षा अभियान उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, लखनऊ के अपर पुलिस महानिदेशक के कड़े निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। हाथरस के पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में गठित इस टीम ने सासनी क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और गोदामों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दमकल और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की बारीकी से जांच की। मुख्य रूप से दुकानों और गोदामों में पर्याप्त संख्या में चालू हालत में फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) की उपलब्धता। आगजनी से निपटने के लिए परिसर में बालू से भरी बाल्टियाँ और पानी के टैंकों का उचित इंतजाम। आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के लिए पर्याप्त और खुले निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट)। निर्धारित क्षमता से अधिक और अवैध रूप से पटाखों का भंडारण न हो, इसकी भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों और संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार की आड़ में जनजीवन से खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा यदि किसी भी प्रतिष्ठान पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment